
Image Source : REPORTER
मध्य प्रदेश के खंडवा में थार और बलेनो कार की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई थी, वहीं दो लोग घायल हुए जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने थार चलाने वाले 40 वर्षीय लवकुश राठौर के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। दरअसल, पुलिस जांच के दौरान मूंदी थाना पुलिस ने यह पाया कि आरोपी लवकुश और उसकी साली सारिका का अफेयर चल रहा था। जिसके कारण आरोपी लवकुश पूरे परिवार को रास्ते से हटाना चाहता था। साली सारिका की पांच मई को शादी होनी थी, जिसे लेकर लवकुश परेशान था और सारिका के पूरे परिवार को खत्म करने का खौफनाक प्लान बनाया था।
12 साल से चल रहा था जीजा साली का अफेयर
बताया जा रहा है, कि 40 साल का लवकुश राठौर शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। पिछले 12 सालों से उसका अपनी कज़िन साली सारिका से अफेयर चल रहा था। परिवार वालों ने इस बात की भनक लगने के बाद सारिका की शादी तय कर दी थी। बस इसी बात से आरोपी लवकुश नाखुश था और उसने सारिका के परिवार वालों को रास्ते से हटाने के लिए एक्सीडेंट की साजिश रची थी।
पूरे परिवार को खत्म करने की रची साजिश
इसी साजिश के तहत थार एक्सिडेंट कराया गया। पूरा परिवार बेटी सारिका की शादी की तैयारी में जुटा था और खरीदारी करने के लिए बाजार जा रहा था इसी दौरान लवकुश ने यह साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। थार ने बलेनो को जोरदार टक्कर मार दी थी, उसमें सारिका का पूरा परिवार सवार था। थार के टक्कर से बलेनो कार गड्ढे में गिर गई। कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मूंदी थाना पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए सनावद निवासी आरोपी लवकुश राठौर के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
(खंडवा से प्रतीक मिश्रा की रिपोर्ट)
💬 Comments (0)
Leave a Comment