
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार से दो दिवसीय आगरा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका कार्यक्रम विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास, जनसभा, प्रशासनिक समीक्षा, स्वास्थ्य योजनाओं के शुभारंभ और पर्यटन से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा पर केंद्रित रहेगा। मुख्यमंत्री का यह दौरा आगरा में चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति को गति देने के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के दौरे का पहला दिन
मुख्यमंत्री शनिवार को फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान पहुंचेंगे, जहां आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी कार्यक्रम में वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। जनसभा से पहले वह विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करेंगे और नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री कमिश्नरी सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान विकास कार्यों की प्रगति, कानूनव्यवस्था और अन्य प्रशासनिक विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा वह जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक करेंगे।
53 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान करीब 342 करोड़ रुपये की लागत वाली 53 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें 292.40 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। प्रमुख परियोजनाओं में 150 शैय्या वाले लेडी लॉयल अस्पताल का निर्माण, सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट तक सीएम ग्रिड रोड, स्टॉर्म वाटर ड्रेन परियोजना, डीआईओएस भवन, श्री कैलाश मंदिर का पर्यटन विकास, वर्किंग वूमेन्स हॉस्टल और बल्केश्वर थीम पार्क का पुनर्निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री 50.06 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुकी 17 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इनमें जिला कारागार में नई बैरकों का निर्माण, खंदारी बापू नगर में सीसी सड़क, पालीवाल पार्क का सौंदर्यीकरण तथा सिकंदरा क्षेत्र में आरसीसी पुलिया और डक्ट निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
दूसरे दिन क्या रहेगा कार्यक्रम
दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां वह कैशलेस योजना का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक करेंगे, जिसमें परिषद की विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं। टाटा मैदान और खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज परिसर में हेलीपैड बनाए गए हैं, जबकि कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।