
बरेली, अमृत विचार। पीलीभीतबरेली हाईवे पर इनायतपुर गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार डीसीएम और स्कॉर्पियो की आमनेसामने की भिड़ंत में पंजाब के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार पंजाब के लुधियाना और रूपनगर जनपद के रहने वाले हरजीत सिंह , संतोख सिंह , भिन्नदर कौर , मुकुंद सिंह और लाडी सिंह सम्पूर्णानगर , लखीमपुर खीरी स्थित अपने फार्म हाउस पर खेतीबाड़ी देखने और रिश्तेदारों से मिलने के बाद स्कॉर्पियो से पंजाब लौट रहे थे। इसी दौरान इनायतपुर गांव के पास परसाखेड़ा प्लांट से ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर पीलीभीत जा रही डीसीएम ने सामने से स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि हरजीत सिंह, संतोख सिंह और स्कॉर्पियो में सवार एक अन्य महिला की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मुकुंद सिंह और भिन्नदर कौर को सीएचसी नवाबगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बरेली रेफर कर दिया गया।
इसी बीच मृतका भिन्नदर कौर के बेटे दलजीत सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी मां को गंभीर चोट नहीं थी, लेकिन उन्हें मृतकों के साथ एंबुलेंस में बैठा दिया गया। मृतकों के बीच बैठने से उन्हें गहरा सदमा लगा और रास्ते में हार्ट अटैक आने से उनकी भी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यदि उन्हें अलग एंबुलेंस में भेजा जाता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। हादसे में घायल लाडी सिंह का उपचार चल रहा है, जबकि मुकुंद सिंह की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल डीसीएम चालक पंचम लाल निवासी मथुरापुर, बरेली बताया गया है, जो परसाखेड़ा प्लांट से ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर पीलीभीत जा रहा था। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। और डीसीएम ड्राईवर पंचमलाल को पुलिस से अपनी गिरफ्त में ले लिया है वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।