बहन को बचाने के लिए दादा ने पोते को रोका, गुस्से में उसने बुजुर्ग पर ही चाकू से कर दिया हमला, दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप

बहन को बचाने के लिए दादा ने पोते को रोका, गुस्से में उसने बुजुर्ग पर ही चाकू से कर दिया हमला, दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप
Featured Image

केरल के अलाथुर में 16 साल के एक लड़के ने अपनी छोटी बहन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की. पोती को बचाने के लिए आगे आए 65 वर्षीय दादा सुलेमान पर भी उसने चाकू से वार कर दिया. सुलेमान के सीने, गर्दन और पेट में गंभीर चोटें आई थीं. उन्हें इलाज के लिए त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई.

घटना के बाद आरोपी किशोर मौके से फरार हो गया था. हालांकि पुलिस ने उसे पकड़ लिया. (फाइल फोटो)

केरल के अलाथुर में घरेलू झगड़े के दौरान अपने पोते के हमले से छोटी पोती को बचाने की कोशिश कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. आरोप है कि 16 वर्षीय पोते ने अपनी 10 साल की बहन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की थी. इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दादा सुलेमान पर भी उसने चाकू से वार कर दिया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। गंभीर रूप से घायल सुलेमान ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं, घायल बच्ची की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, घटना 19 अक्टूबर को अलाथुर के पास कावासेरी स्थित सुलेमान के घर में हुई थी. सुलेमान वाझक्काचिरा इलाके के रहने वाले थे. बताया गया है कि किसी बात को लेकर 16 वर्षीय किशोर और उसकी 10 साल की बहन के बीच झगड़ा हुआ था. इसी दौरान वह अपनी बहन पर हमला करने के लिए आगे बढ़ा.

पोती को बचाने पहुंचे दादा पर चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, जब सुलेमान ने पोती को बचाने और दोनों के बीच झगड़ा रोकने की कोशिश की तो लड़के ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. उनके सीने, गर्दन और पेट में चोटें आईं. घटना में बच्ची भी घायल हो गई थी. इसके बाद दोनों को इलाज के लिए अलाथुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

सुलेमान की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई. पुलिस ने शनिवार को इसकी पुष्टि की. वहीं, 10 वर्षीय बच्ची इलाज के बाद ठीक हो गई है और अब खतरे से बाहर है.

हमले के बाद फरार हुआ किशोर, पुलिस ने पकड़ा

घटना के बाद आरोपी किशोर कथित तौर पर मौके से फरार हो गया था. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में उसे पकड़ लिया. इसके बाद उसे जुवेनाइल होम भेज दिया गया. चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसके खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत आगे की प्रक्रिया की जा रही है.

अलाथुर पुलिस ने शुरुआत में इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था. सुलेमान की मौत के बाद अब पुलिस इस मामले में हत्या की धारा भी जोड़ने की प्रक्रिया कर रही है. पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और विवाद की वजह की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *