बाजार में मिल रहा जिंजर-गार्लिक पेस्ट शुद्ध है या मिलावटी?
Image Source : FREEPIK

सब्जी का स्वाद बढ़ाने के लिए अदरक-लहसुन के पेस्ट का इस्तेमाल सदियों से लोग करते आ रहे हैं। पहले के समय में लोग रोजाना अदरक लहसुन पेस्ट पीसकर तैयार कर लेते थें। लेकिन अब लोगों के पास समय की कमी है ऐसे में लोग बाजार से अदरक-लहसुन का पेस्ट खरीदकर लाते हैं और इस्तेमाल करते हैं। ज्यादातर लोगों को लगता है कि बाजार में मिलने वाले जिंजर-गार्लिक पेस्ट शुद्ध है लेकिन इसमें मिलवाट का नया मामला सामने आया है जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में ‘हैदराबाद फूड एडल्टरेशन सर्विलांस टीम’ (H-FAST) ने 4,032 किलो जिंजर-गार्लिक (अदरक-लहसुन) पेस्ट जब्त किया। ऐसे में अब लोग ये सोच रहे हैं कि जिंजर-गार्लिक पेस्ट शुद्ध है या मिलावटी इसकी पहचान कैसे करें। यहां हम आसान तरीके के बारे में बताने जा रहे हैं जिससे आप पता लगा सकते हैं कि जिंजर-गार्लिक पेस्ट शुद्ध है या मिलावटी। चलिए जानते हैं। 

1. रंग से पहचानें 
शुद्ध अदरक-लहसुन का पेस्ट हल्का मटमैला या हल्का भूरा होता है। यदि पेस्ट एकदम सफेद या बहुत चमकीला दिख रहा है, तो इसमें ब्लीचिंग एजेंट या टाइटेनियम डाइऑक्साइड जैसी चीजें मिली हो सकती हैं। वहीं, बहुत ज्यादा पीलापन सिंथेटिक रंगों की ओर इशारा करता है।

2. खुशबू और स्वाद 
असली अदरक और लहसुन की महक बहुत तेज और तीखी होती है। यदि पैकेट खोलते ही आपको लहसुन की प्राकृतिक ‘धांस’ महसूस न हो या उसमें से सिरके की बहुत तेज गंध आए, तो समझ लें कि इसमें प्रिजर्वेटिव्स की मात्रा बहुत अधिक है। आप थोड़ा सा पेस्ट जीभ पर रखकर भी टेस्ट कर सकते हैं। अगर यह बहुत ज्यादा खट्टा या धातु जैसा स्वाद दे, तो यह शुद्ध नहीं है।

3. आयोडीन टेस्ट
कंपनियां पेस्ट को गाढ़ा करने के लिए अक्सर मैदा या कॉर्न स्टार्च मिलाती हैं। इसे पकड़ने का सबसे सटीक तरीका आयोडीन है। एक चम्मच पेस्ट में दो बूंद आयोडीन सॉल्यूशन मिलाएं। यदि पेस्ट का रंग नीला या गहरा बैंगनी हो जाता है, तो इसमें भारी मात्रा में स्टार्च मिलाया गया है।

4. पानी में घोलकर देखें 
एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच पेस्ट डालें और उसे मिलाएं। असली पेस्ट पानी में पूरी तरह नहीं घुलता, उसमें अदरक के रेशे नजर आने लगते हैं। अगर पानी बहुत ज्यादा दूधिया या गाढ़ा हो जाए और नीचे पाउडर जैसा कुछ बैठने लगे, तो इसमें चॉक पाउडर या स्टार्च हो सकता है।