Quick Samachar:  Bijnor Kotwali Suicide Attempt: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में रविवार की रात एक दुष्कर्म पीड़िता ने कोतवाली में घुस कर अपने आप को पेट्रोल डालकर खुदकुशी की कोशिश की। गंभीर रुप से झुलसी युवती को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार युवती 70 प्रतिशत तक झुलस गई। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बिजनौर कोतवाली में युवती ने खुद को लगाई आग: सेना के जवान पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप,  थाना प्रभारी निलंबित​

 युवती ने आरोप लगाया था कि एक सेना के जवान ने उसे शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए लेकिन बाद में शादी से मुकर गया।  

देर रात कोतवाली परिसर में बवाल 

जानकारी के अनुसार किरतपुक थाना क्षेत्र के एक गांव की 25 साल की युवती रविवार शाम कोतवाली नगर पहुंची। वह काफी समय तक थाने में मौजूद रही। किसी पुलिसकर्मी से बातचीत के बाद अचानक उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली, जिसके बाद परिसर में हड़कंप मच गया। 

पुलिसकर्मियों ने तुरंत आग को बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। 

ऐसे हुई घटना…. 

पुलिस जांच में सामने आया कि कोतवाली में बिजली गुल थी। रात के 10:30 बजे के करीब युवती का सौतेला पिता पेट्रोल लेकर पहुंचा। उसने पेट्रोल की बोतल युवती को दी।युवती ने पेट्रोल अपने ऊपर छिड़क लिया। 10:52 बजे उसने खुद को आग लगा ली। उस समय बिजली जाने से परिसर में अंधेरा था और पुलिसकर्मी जनरेटर चालू करने की तैयारी कर रहे थे। तभी युवती आग की लपटों में घिर गई।

आग लगाने के बाद युवती कोतवाल के कार्यालय की ओर दौड़ी। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दरवाजों पर लगे पर्दे निकालकर आग बुझाने का प्रयास किया। एक पुलिसकर्मी हवालात की ओर से कंबल लेकर आया और उसे युवती पर डालकर आग पर काबू पाया गया।

पहले भी आत्मदाह की कोशिश

बताया गया कि युवती ने पहली बार खुदकुशी की कोशिश नहीं की। कथित प्रेमी से शादी न होने के कारण वह लंबे समय से तनाव में थी और पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रही थी। जानकारी के मुताबिक कुछ महीने पहले उसने बरेली स्थित एडीजी कार्यालय के बाहर भी आत्मदाह की कोशिश की थी, लेकिन उस समय उसकी कोशिश को विफल कर दिया गया था।

खबर अपडेट हो रही है…