मनाली में सैलानी ने सड़क पर फेंका कूड़ा, SDM ने बीच रास्ते रोकर लगाई फटकार

Himachal Cleanliness News : हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल मनाली से एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां एक सैलानी द्वारा सड़क पर कूड़ा फेंकने का मामला सामने आया, जिस पर प्रशासन ने तुरंत सख्त रुख अपनाया।

बताया जा रहा है कि पंजाब से आए एक पर्यटक ने पिज्जा खाने के बाद उसका डिब्बा सड़क पर फेंक दिया। इसी दौरान मौके पर मौजूद एसडीएम की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने बीच सड़क पर ही उसे रोक लिया।

मनाली में सड़क पर कचरा फेकने पर एसडीएम ने सिखाया सबक

वीडियो में देखा जा सकता है कि एसडीएम गुरजीत सिंह चीमा सैलानी को कूड़ा उठाने के लिए कहते हैं और उसे कूड़ेदान में डालने के निर्देश देते हैं। साथ ही उन्होंने सैलानी को सख्त चेतावनी भी दी कि अगर दोबारा इस तरह की हरकत की गई तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सैलानी अपनी गलती मानते हुए माफी मांगता नजर आता है। प्रशासन की इस कार्रवाई को लोग सोशल मीडिया पर सराह रहे हैं।

सैलानियों के बीच स्वच्छता को लेकर जागरूकता जरूरी

दरअसल, मनाली में इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, लेकिन कुछ लोग नियमों का पालन नहीं करते और पर्यटन स्थलों पर ही कचरा फैला देते हैं। इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान होता है, बल्कि इलाके की सुंदरता भी प्रभावित होती है।

ऐसे में प्रशासन की यह सख्ती एक जरूरी कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में सैलानियों के बीच स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सकेगी।