
भरखनी/हरदोई, अमृत विचार। पचदेवरा थाना क्षेत्र के भावर गांव में शनिवार सुबह करीब पांच बजे दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में डूबने से 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तालाब किनारे अचानक फिसला पैर
भावर गांव निवासी गुड्डू भुर्जी की पत्नी छोटी बिटिया शनिवार सुबह घर से टहलने के लिए निकली थी। बताया गया कि तालाब के किनारे पहुंचने पर अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया
परिजनों के मुताबिक महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसकी शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी। उसका मायका लोनार थाना क्षेत्र के निसौली गोपा गांव में है। महिला के दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब चार और छह वर्ष बताई गई है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पति गुड्डू मजदूरी कर परिवार का पालनपोषण करता है। महिला की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने पर पचदेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।