Ayodhya News: ऑनलाइन गेमिंगट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; 63 लाख रुपये फ्रीज

Ayodhya News: ऑनलाइन गेमिंगट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; 63 लाख रुपये फ्रीज
Ayodhya News: ऑनलाइन गेमिंगट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; 63 लाख रुपये फ्रीज

अयोध्या/मवई, अमृत विचार। मवई थाना व साइबर क्राइम थाना की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन गेमिंग व ट्रेडिंग वेबसाइट के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का बुधवार को पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह का एक सदस्य फरार हो गया।

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि आरोपियों की पहचान अकील अहमद उर्फ उर्फी निवासी बसौढ़ी, थाना पटरंगा जिला अयोध्या व अमन खान निवासी ककरहाबाद, कोतवाली नगर जिला उन्नाव के रूप में हुई है। दोनों को बुधवार सुबह मवई चौराहे से लखनऊ की ओर हाईवे किनारे स्थित बस स्टॉप के पास से गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग व ट्रैडिंग वेबसाइट के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन गेम और निवेश का झांसा देकर रुपये जमा कराते थे। रकम वापस मांगने पर टैक्स, सर्विस चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर और पैसा वसूला जाता था। इसके लिए मवई क्षेत्र में कॉल सेंटर संचालित किया गया था, जहां से व्हाट्सएप और फोन कॉल के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।

बताया कि पुलिस को आरोपियों के मोबाइल और टैबलेट से करीब 11 हजार गेमिंग आईडी, पासवर्ड, लेनदेन का रिकॉर्ड और व्हाट्सएप चैट मिली हैं। अकील अहमद के विभिन्न बैंक खातों की जांच में एक बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में छह लाख रुपये तथा एक एचडीएफसी बैंक खाते में 57 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं। इन खातों के लेनदेन की विस्तृत जांच जारी है। बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य सुफियान फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *