Quick Samachar: मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन और ‘बिग बॉस 19’ फेम प्रणित मोरे इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं। दरअसल, उनका शो तब विवादों में घिर गया, जब हिमांशु जांगड़ा नाम के एक शख्स ने वहां बैठकर ‘370 रुपये की बिरयानी’ से जुड़ा भद्दा कमेंट किया। इस मुद्दे पर कई जानीमानी हस्तियां ने रिएक्ट किया और प्रणित की निंदा की, क्योंकि वह हिमांशु को रोकने की बजाय उनकी बात पर हंस रहे थे और लास्ट में उन्होंने उसे इनाम भी दिया।

इसके बाद हिमांशु की नौकरी चली गई और प्रणित सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल होने लगे। सिर्फ इतना ही नहीं, प्रणित और हिमांशु के खिलाफ महाराष्ट्र की साइबर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी और अब गुरुग्राम पुलिस ने भी दोनों के खिलाफ इस मामले में केस दर्ज किया है।

राष्ट्रीय महिला आयोग की शिकायत पर कार्रवाई

गुरुग्राम पुलिस ने ‘370 बिरयानी’ मामले में कॉमेडियन प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने राष्ट्रीय महिला आयोग की शिकायत पर यह कार्रवाई की है। आरोपियों को जांच में शामिल होने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को वीडियो हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

इन धाराओं के खिलाफ दर्ज हुआ केस

यह केस IT एक्ट की धारा 67 और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 294, 353 , 75 और 75 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस कमिश्नर की देखरेख में मामले की गहन जांच चल रही है।

इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने कहा, “महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विवादित वीडियो के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।” इतना ही नहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने प्रणित और हिमांशु को 22 जून को शाम 4 बजे मामले की सुनवाई के लिए उनके समक्ष पेश होने का आदेश दिया है।

माफी मांग चुके हैं प्रणित

बता दें कि ‘बिग बॉस 19’ फेम प्रणित इस मामले में दो बार माफी मांग चुके हैं। एक बार उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए माफी मांगी थी और दूसरी बार खुद अपना वीडियो शेयर करते हुए माफी की मांग की थी। वहीं, हिमांशु ने भी अपने एक्स बॉस के साथ बातचीत में कहा था कि मेरी हालत बहुत खराब है। उन्होंने कहा कि वह पहली बार किसी कॉमेडी शो में गए थे और उन्होंने स्टेज पर जो कुछ भी कहा वह पूरी तरह सच नहीं था। उन्होंने एंटरटेनमेंट के लिए घटना के कुछ हिस्सों को इम्प्रोवाइज किया।