
अमेठी, अमृत विचार। पीपरपुर थाना क्षेत्र के गैरिकपुर बालचंदपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 55 वर्षीय एक बुजुर्ग का शव घर के बाहर बने पुवाल के छप्पर में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक विवाद के चलते थे मानसिक तनाव में
मृतक की पहचान रामनाथ कोरी पुत्र ननकू राम, निवासी गैरिकपुर बालचंदपुर, विकासखंड भेटुआ, थाना पीपरपुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में चल रहे थे। गुरुवार सुबह उन्होंने घर के बाहर बने पुवाल के छप्पर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सूचना मिलने पर पीपरपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।