
बरेली, अमृत विचार। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पॉश इलाके रामपुर गार्डन से सटे ‘प्रभा सिनेमा’ में बृहस्पतिवार तड़के एक भीषण अग्निकांड हो गया। सिनेमा हॉल के अंदर अचानक लगी आग से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे 11 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त सिनेमा हॉल बंद था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
सुबह 4:45 बजे भड़की आग, 10 मिनट में पहुंची दमकल
अग्निशमन विभाग की टीम के अनुसार, सिनेमाघर में आग लगने की घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब 04:44 बजे हुई। कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा और प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अपनी टीम के साथ सिविल लाइन केंद्र से तुरंत रवाना हो गए। महज दस मिनट के भीतर दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई। पहला अग्निशमन वाहन सुबह 04:47 बजे सिनेमा हॉल पहुंच गया था, जिसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एकएक करके दमकल की कुल तीन गाड़ियां मौके पर बुला ली गईं।
3 घंटे की पंपिंग के बाद सुबह 8 बजे बुझी आग
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने देखा कि सिनेमा हॉल के अंदर आग ने बेहद भीषण रूप धारण कर लिया था। आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से लगातार पानी की पंपिंग कराई गई। सुबह करीब आठ बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इस अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है।
शॉर्ट सर्किट होने की आशंका
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह ‘शॉर्ट सर्किट’ प्रतीत हो रही है। संपत्ति के नुकसान का सटीक आकलन अभी किया जा रहा है।
सिनेमा हॉल के पास थी NOC
जांच में सामने आया है कि सिनेमा भवन के पास अग्नि सुरक्षा मानकों के तहत 30 मार्च, 2026 को जारी किया गया अनापत्ति प्रमाण पत्र मौजूद था। बता दें कि इससे पहले भी इसी सिनेमाघर के इलेक्ट्रिक पैनल में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें