Bhooth Bangla Collection: भूत बंगला की धीमी शुरुआत, अक्षय कुमार की फिल्म ने पहले दिन किया निराशाजनक कलेक्शन

Bhooth Bangla Box Office Collection: बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ आखिरकार 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई, लेकिन फिल्म की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। 16 साल बाद प्रियदर्शन के साथ उनकी जोड़ी की वापसी भी बॉक्स ऑफिस पर खास असर नहीं दिखा पाई है।

‘भूत बंगला’ से पहले दिन बड़ी ओपनिंग की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन शुरुआती आंकड़े निराशाजनक रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के दिन शाम तक करीब 4.29 करोड़ रुपये की कमाई की, जो उम्मीद से काफी कम है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि पहले दिन का कलेक्शन 9-10 करोड़ रुपये के आसपास रह सकता है, जो इस स्टारकास्ट और बजट के हिसाब से कमजोर माना जा रहा है।

स्टारकास्ट के बावजूद फीका रिस्पॉन्स

फिल्म में अक्षय कुमार के साथ परेश रावल और राजपाल यादव जैसे कॉमेडी के दिग्गज कलाकार नजर आ रहे हैं। इसके अलावा तब्बू और वामिका गब्बी भी अहम भूमिकाओं में हैं। इतनी मजबूत कास्ट के बावजूद फिल्म दर्शकों को थिएटर तक खींचने में नाकाम नजर आ रही है। अक्षय कुमार के लिए पिछले कुछ साल बॉक्स ऑफिस के लिहाज से खास नहीं रहे हैं। OMG 2 के बाद से उनकी कोई बड़ी हिट सामने नहीं आई है।

क्या बदल पाएगी फिल्म की किस्मत

बताया जा रहा है कि उनकी हालिया फिल्मों में से कुछ एवरेज रहीं, जबकि कई फिल्में फ्लॉप साबित हुईं। ऐसे में ‘भूत बंगला’ से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इसकी धीमी शुरुआत ने चिंता बढ़ा दी है। फिल्म की असली परीक्षा अब वीकेंड पर होगी। अगर शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई में उछाल आता है, तो ‘भूत बंगला’ अपनी स्थिति संभाल सकती है। हालांकि, मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए यह कहना जल्दबाजी नहीं होगा कि फिल्म को हिट बनने के लिए लंबा रास्ता तय करना होगा।

ये भी पढ़ें- Richa Chadha ने दिलाई 80 के दशक के सिनेमा की याद, बोलीं- इंडिपेंडेंट फिल्मों को बड़े चेहरों नहीं

प्रोडक्शन और कहानी

‘भूत बंगला’ सिर्फ एक एक्टिंग प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि अक्षय कुमार के लिए एक प्रोडक्शन वेंचर भी है। उन्होंने इसे एकता कपूर और शोभा कपूर के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म एक हॉरर-कॉमेडी है, जिसमें एक रहस्यमयी बंगले और उससे जुड़े डरावने किस्सों के बीच कॉमेडी का तड़का लगाया गया है। अब सबकी नजरें आने वाले दिनों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर टिकी हैं। अगर फिल्म दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब नहीं होती, तो अक्षय कुमार की हिट की तलाश और लंबी हो सकती है।