Hardoi News: पाइप में उतरे करंट ने ली 12 साल के लकी की जान, घर का इकलौता चिराग था मासूम

Hardoi News: पाइप में उतरे करंट ने ली 12 साल के लकी की जान, घर का इकलौता चिराग था मासूम

शाहाबाद, हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाहाबाद में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की जान चली गई। मोमोस खाकर घर लौट रहा लकी पुत्र पप्पू टीन के नीचे पड़े पाइप में उतरे करंट की चपेट में आ गया। पाइप पकड़ते ही वह करंट से चिपक गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मोमोस खाने निकला था लकी

मृतक के चाचा छोटू निवासी बाजार शंभा ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8 बजे लकी घर से 100 रुपये लेकर बासित नगर मार्ग स्थित एक मोमोस विक्रेता के पास गया था।

मोमोस खाने के बाद वह वापस लौट रहा था। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान मोबाइल रिपेयर की दुकान के पास टीन के नीचे बच्चों के साथ खेलने लगा। खेलते समय उसने वहां पड़ा टीन का पाइप पकड़ लिया।

पाइप पकड़ते ही करंट से चिपका

परिजनों के मुताबिक, पाइप पकड़ते ही लकी करंट की चपेट में आ गया और उससे चिपक गया। कुछ देर बाद वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा।

जब काफी देर तक लकी घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग उसे तलाशने लगे। परेशान परिजनों ने पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने भी बच्चे की तलाश शुरू कर दी।

चाचा ने उठाया तो उन्हें भी लगा करंट

इसी बीच बाइक से जा रहे लकी के चाचा छोटू की नजर बसंत गुप्ता की दुकान के सामने टीन के नीचे पड़े लकी पर पड़ी। वह उसे उठाने पहुंचे, लेकिन बच्चे को छूते ही छोटू को भी करंट का झटका लगा।

इसके बाद लोगों को समझ आया कि लकी करंट की चपेट में आया है और पाइप में बिजली का करंट दौड़ रहा है। तत्काल पावर हाउस को सूचना देकर बिजली सप्लाई का ब्रेकडाउन लिया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया

बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद लकी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मांबाप का इकलौता बेटा था लकी

लकी अपने मातापिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता पप्पू अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में नौकरी करते हैं। लकी अपने बाबा प्रकाश के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था।

12 साल के इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद गांव और आसपास के इलाके में भी मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *