Maatrubhumi Release Update: सलमान खान की ‘मातृभूमि’ पर संकट गहराया, सेंसर बोर्ड में अब तक नहीं हुई सबमिट

Quick Samachar: Salman Khan New Film Maatrubhumi Delay: सलमान खान की मातृभूमि को लेकर शुरुआत में जबरदस्त बज़ देखने को मिला था, लेकिन अब यह फिल्म कई तरह की परेशानियों में घिरती नजर आ रही है। सलमान खान की इस फिल्म की रिलीज डेट पहले अप्रैल में तय की गई थी, लेकिन अब इसे टाल दिया गया है और नई तारीख का ऐलान भी अब तक नहीं हुआ है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को अभी तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) में सबमिट नहीं किया गया है। यह इस बात का संकेत है कि फिल्म के मेकर्स अभी भी कुछ अहम बदलावों पर काम कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, न तो फिल्म को रक्षा मंत्रालय, न ही भारतीय सेना और न ही सेंसर बोर्ड ने अब तक देखा है। ऐसे में रिलीज से पहले की जरूरी प्रक्रियाएं अभी बाकी हैं, जिससे फिल्म की रिलीज में और देरी हो सकती है।

विवादों ने बढ़ाई परेशानी

सलमान खान की फिल्म का पहला ट्रेलर रिलीज होते ही विवादों में आ गया था। खासतौर पर चीन और गलवान वैली से जुड़े संदर्भों को लेकर आपत्ति जताई गई थी। इसके बाद भारत सरकार की ओर से मेकर्स को सलाह दी गई कि इन हिस्सों को फिल्म से हटा दिया जाए। इसी विवाद के चलते फिल्म लगातार चर्चा में बनी रही और अब तक इसकी रिलीज को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

बदला गया फिल्म का नाम

विवादों के बाद फिल्म का नाम भी बदलना पड़ा। पहले इसका टाइटल ‘मातृभूमि: बैटल ऑफ गलवान’ था, जिसे बदलकर अब ‘मातृभूमि: में वार रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की पूरी कहानी को दोबारा नहीं लिखा गया, लेकिन कुछ सीन जरूर हटाए गए हैं। इसके अलावा मुंबई शेड्यूल में कुछ नए हिस्से शूट किए गए, जिनमें सपोर्टिंग किरदारों की पर्सनल लाइफ और इमोशनल एंगल को जोड़ा गया है। अब फिल्म को एक ह्यूमन ड्रामा के रूप में पेश करने की कोशिश की जा रही है, जिसमें सीमित वॉर सीन्स रखे गए हैं।

ये भी पढ़ें- Force 3 की रिलीज डेट फाइनल, जॉन अब्राहम फिर बनेंगे एसीपी यशवर्धन, 2027 में लौटेगा एक्शन का तूफान

अगस्त रिलीज की संभावना

हालांकि अभी तक फिल्म की नई रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह फिल्म अगस्त के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। फिलहाल ‘मातृभूमि’ की राह आसान नहीं दिख रही है। मेकर्स के सामने सेंसर से लेकर विवादों तक कई चुनौतियां हैं, जिन्हें पार करने के बाद ही यह फिल्म बड़े पर्दे तक पहुंच पाएगी।