
शाहजहांपुर, अमृत विचार। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के काफिले के सामने कथित तौर पर काले कपड़े लहराने और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाने के मामले में शाहजहांपुर पुलिस ने चार नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है।
काफिले के सामने लगाए ‘वापस जाओ’ के नारे
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के अनुसार, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को शाहजहांपुर जिले की कलान तहसील के मीरजापुर में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान जलालाबाद थाना क्षेत्र के रौली बोली गांव के पास सड़क किनारे खड़े करीब एक दर्जन लोगों ने कथित रूप से काले कपड़े लहराए और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए।
चार नामजद, चार अज्ञात पर एफआईआर
इस घटना के संबंध में बुधवार देर रात पुलिस ने चार नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की मदद से अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का कथित वीडियो फेसबुक और व्हाट्सएप समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। वीडियो में काफिला आते ही कुछ युवक सड़क पर उतरकर काले कपड़े लहराते और ‘उपमुख्यमंत्री वापस जाओ’ के नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ युवक लाल टोपी पहने भी नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।