
सीतापुर, अमृत विचार। सीतापुर जिले के विकासखंड बेहटा स्थित प्राथमिक विद्यालय ऊंचगांव में सरकारी किताबें और अभिलेख जलाने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में दोषी पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक और एक सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही विद्यालय के पूरे स्टाफ का एक दिन का वेतन भी रोक दिया गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
विद्यालय परिसर में सरकारी किताबें और अभिलेख जलाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने जांच कराई।
दो शिक्षक निलंबित, पूरे स्टाफ का वेतन रोका
जांच में प्रभारी प्रधानाध्यापक रणविजय सिंह और सहायक अध्यापक जीतपाल सिंह को दोषी पाए जाने पर दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा विद्यालय के पूरे स्टाफ का एक दिन का वेतन रोकने का भी आदेश दिया गया है।
बीएसए ने दी सख्त चेतावनी
बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने कहा कि सरकारी अभिलेखों और पठनपाठन सामग्री के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।